नहर में दिखा मगरमच्छ, ग्रामीणों में मचा हड़कंप
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर । असोथर थाना क्षेत्र के निचली गंगा नहर में मंगलवार सुबह अचानक मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करीब छह फीट लंबे इस मगरमच्छ को नहर किनारे धूप सेंकते देख ग्रामीणों में दहशत के साथ जिज्ञासा भी बढ़ गई। देखते ही देखते नहर किनारे सैकड़ों लोग जमा हो गए। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। भीड़ का शोर सुनकर मगरमच्छ नहर में कूद गया, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। वन विभाग ने उसे रामनगर कौहन घाट स्थित यमुना नदी में छोड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छ संभवतः यमुना नदी से बहकर नहर में पहुंच गया था। रेस्क्यू टीम की तत्परता और साहस की लोगों ने जमकर सराहना की।
ये भी पढें पुलिस ने जुआ घर पर मारा छापा, 9 गिरफ्तार












