मैनपुरी में कहासुनी के बाद युवक को मारी गोली, इलाके में फैली सनसनी
संवाददाता – पंकज मिश्रा
मैनपुरी। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार की शाम कहासुनी के बाद एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के बड़ा नगैया मोहल्ले में 22 वर्षीय निखिल पुत्र संजीव कुमार को अज्ञात युवक ने गोली मार दी। गोली युवक की गर्दन में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल निखिल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अरुण कुमार, सीओ सिटी, कोतवाली इंस्पेक्टर समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आस-पास के लोगों से पूछताछ की। एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि बुधवार शाम दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, उसी रंजिश के चलते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक निखिल को गोली मार दी। फिलहाल आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस ने घायल युवक के परिजनों से पूछताछ कर मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।












