शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी निखिल गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
मंडल संवाददाता अमित चौहान
कासगंज।
कासगंज पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सोरों पुलिस ने विवाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार गंगाप्रसाद के पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में थाना सोरों पुलिस की टीम ने आरोपी निखिल पुत्र मनोज निवासी ग्राम होडलपुर थाना सोरों जनपद कासगंज को मेला ग्राउंड सोरों से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 519/2025 धारा 69 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत है। पुलिस के अनुसार, आरोपी निखिल पर वादिया के साथ शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप है। जब पीड़िता ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने मुकरकर उसे धमकी दी, जिसके बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। थाना सोरों पुलिस की सक्रियता और मुखबिर की सूचना पर आरोपी निखिल को मेला ग्राउंड से दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन पुलिस टीम ने कड़ी पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए और नियमानुसार विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने इस कार्रवाई में शामिल टीम को सराहना दी और कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अपराध पर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।












