त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, क्षेत्राधिकारी छर्रा व क्षेत्राधिकारी इगलास ने किया
मंडल संवाददाता अमित चौहान
अलीगढ़ में त्योहारों के सीजन में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से अलीगढ़ पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के निर्देश पर जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी छर्रा एवं क्षेत्राधिकारी इगलास ने अपने अधीनस्थ पुलिस बल के साथ क्रमशः कस्बा छर्रा एवं मडराक क्षेत्र में पैदल गश्त कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने मुख्य बाजार, धार्मिक स्थल, बस स्टैंड, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों से संवाद करते हुए शांति, सौहार्द और सहयोग बनाए रखने की अपील की। क्षेत्राधिकारी छर्रा ने बताया कि त्योहारों पर भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैयार है। वहीं क्षेत्राधिकारी इगलास ने कहा कि पुलिस लगातार गश्त एवं निगरानी कर रही है ताकि असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखा जा सके और नागरिक निर्भय होकर अपने त्योहार मना सकें।
इस दौरान थानाध्यक्षों समेत बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी भी पैदल गश्त में शामिल रहे। पुलिस ने आमजन को भरोसा दिलाया कि त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने नहीं दी जाएगी।












