लल्लूपुरा में युवक ने फंदे से लगाई फांसी: दिवाली पर खरीदी थी नई बाइक, खुशी के कुछ दिन बाद ही मौत से छाया मातम
मंडल संवाददाता अमित चौहान,
कासगंज जिले के सहावर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत लल्लूपुरा में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक 18 वर्षीय युवक का शव कमरे में बिजली के पंखे से लटकता मिला। मृतक की पहचान अभिलाष (पुत्र दिवारी लाल) के रूप में हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, अभिलाष ने साड़ी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजा तोड़कर देखा, जहां अभिलाष फंदे पर झूल रहा था। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, अभिलाष के पिता खेती-बाड़ी का काम करते हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा उसकी दो बड़ी बहनें — खुशबू और नीतू — हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। अभिलाष परिवार का इकलौता बेटा था। वह मिलनसार और शांत स्वभाव का था। कुछ दिन पहले ही उसने दिवाली पर नई बाइक खरीदी थी, जिससे वह काफी उत्साहित था।
घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी सहावर ने बताया कि, “मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।”












