एटा को बड़ी सौगात: मेडिकल कॉलेज में 20 बेड का अत्याधुनिक आईसीयू तैयार।
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा। जिलेवासियों के लिए राहत भरी खबर है। वीरांगना अवंतीबाई लोधी मेडिकल कॉलेज एटा में 20 बेड वाले अत्याधुनिक आईसीयू की शुरुआत होने जा रही है। अब गंभीर मरीजों को इलाज के लिए सैफई या आगरा रेफर नहीं किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में ही सभी आधुनिक सुविधाओं के साथ 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित नर्सों की टीम उपलब्ध रहेगी। आईसीयू में अत्याधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम, कार्डियक मशीनें, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट और जीवनरक्षक उपकरण लगाए जा रहे हैं। कार्य की शुरुआत हो चुकी है और जल्द मरीजों के लिए इसे पूरी तरह खोला जाएगा। प्राचार्य डॉ. बलबीर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज का लक्ष्य जिले के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है, ताकि किसी को बड़े शहरों में भागना न पड़े।
व्यापारी संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे न केवल मरीजों को त्वरित इलाज मिलेगा बल्कि गरीब परिवारों का आर्थिक बोझ भी कम होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि आईसीयू की शुरुआत मेडिकल कॉलेज को सुपर स्पेशलिटी सेवाओं की दिशा में एक बड़ा कदम बनाएगी। अब एटा में इलाज का मतलब सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि भरोसे और उम्मीद की नई शुरुआत होगा।












