प्रतापगढ़ गड़वारा डाकघर में आधार सेवा ठप, लोगों ने उठाई पुनः शुरू करने की मांग
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ गड़वारा। स्थानीय नगर पंचायत गड़वारा स्थित डाकघर में आधार सेवा केंद्र लंबे समय से बंद होने के कारण क्षेत्रीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर भाजपा मण्डल अध्यक्ष राजाराम वैश्य के नेतृत्व में प्रवर अधीक्षक, डाक विभाग को ज्ञापन सौंपकर केंद्र को पुनः संचालित कराने की मांग की गई।।
ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में संचालित आधार केंद्र से आसपास के दर्जनों गांवों के नागरिकों को नामांकन, संशोधन सहित अन्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही सुलभ हो रही थीं। केंद्र बंद होने के बाद अब लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी दूर शहरों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे समय, धन और श्रम की बर्बादी हो रही है।भाजपा मण्डल अध्यक्ष राजाराम वैश्य ने कहा कि इस समस्या से बुजुर्गों, महिलाओं और छात्रों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लंबी दूरी तय करने और घंटों कतार में लगने की मजबूरी से लोगों में रोष व्याप्त है।।उन्होंने प्रवर अधीक्षक से मांग की कि जनहित को देखते हुए गड़वारा डाकघर में आधार केंद्र को जल्द से जल्द पुनः प्रारंभ कराया जाए। साथ ही, लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण हेतु क्षेत्र में विशेष आधार शिविर आयोजित करने की भी मांग की गई।।इस पर प्रवर अधीक्षक, डाक विभाग द्वारा शीघ्र ही आधार केंद्र को पुनः संचालित कराए जाने का आश्वासन दिया गया।।इस दौरान माननीय विधायक जी के सहयोगी मंदीप मौर्य, सुधीर मोदी, उमेश जायसवाल, अजय सरोज, मोनू पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।












