घूस लेते रंगे हाथ पकड़े गए लेखपाल
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत



विजिलेंस टीम ने किया गिरफ्तार
कौशाम्बी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विजिलेंस प्रयागराज की टीम ने एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लेखपाल एक ठेकेदार से हैसियत प्रमाण पत्र की उल्टी रिपोर्ट लगाने के नाम पर घूस मांग रहा था। जानकारी के अनुसार, ठेकेदार ने लेखपाल पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए विजिलेंस टीम से शिकायत की थी। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। बताया जा रहा है कि लेखपाल हैसियत प्रमाण पत्र में प्रतिकूल रिपोर्ट लगाने की धमकी देकर ठेकेदार पर दबाव बना रहा था। परेशान होकर ठेकेदार ने विजिलेंस विभाग से संपर्क किया, जिसके बाद यह पूरी कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी लेखपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस टीम द्वारा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।












