नंबर प्लेट छिपाकर सड़कों पर दौड़ रहे डंपर, प्रशासन बना मूकदर्शक
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा एवं महेशगंज क्षेत्र से गुजर रहे डंपरों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कई डंपर चालक वाहनों की नंबर प्लेट पर पट्टी, कपड़ा अथवा अन्य सामग्री बांधकर सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे हैं, जिससे वाहन की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ओवरलोड डंपर तेज रफ्तार में गांवों और मुख्य मार्गों से गुजरते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। नंबर प्लेट ढकी होने के कारण दुर्घटना होने पर वाहन की पहचान करना भी कठिन हो जाता है। लोगों ने इसे सीधे तौर पर कानून और यातायात नियमों की अनदेखी बताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुंडा, महेशगंज और गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण क्षेत्र में चल रहे अधिकांश डंपरों की हालत यही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। इससे आम जनता में आक्रोश व्याप्त है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे डंपरों के खिलाफ तत्काल अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क पर चलने वाले लोगों की जान सुरक्षित रह सके।
ये भी पढ़ें कुंडा में करंट लगने से युवती झुलसी, समय रहते बची जान












