ओवरलोड वाहनों पर चला प्रशासन का डंडा, 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ओवरलोड वाहनों पर सख्त शिकंजा कसा। चेकिंग अभियान के दौरान ईंटों से भरी एक ट्रॉली सहित कुल 4 ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया गया।
यह कार्रवाई चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर की गई। ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन द्वारा यह कदम उठाया गया। अभियान के दौरान एआरटीओ मैनपुरी, सीओ ट्रैफिक तथा इंस्पेक्टर मैनपुरी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ओवरलोडिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आगे भी इस तरह की संयुक्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।












