NOC के बिना चल रहे कोचिंग और लाइब्रेरी पर प्रशासन की सख्ती, 5 घंटे चला जांच अभियान
संवादाता अमन अहमद।
एटा। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद एटा प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देश पर जिले में बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों के संचालित कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत शनिवार को शिक्षा विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अवागढ़ क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले करीब पांच घंटे के अभियान में टीम ने कई कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरण तथा अग्निशमन विभाग से जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई। निरीक्षण में कई संस्थान निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। मां वैष्णो देवी कोचिंग सेंटर और जी एस कोचिंग सेंटर को बंद करा दिया गया। जी एस कोचिंग सेंटर के पास अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवश्यक मानकों और सुरक्षा नियमों का पालन करने के बाद ही संस्थान का संचालन किया जा सकेगा।जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने सभी कोचिंग संचालकों और लाइब्रेरी प्रबंधकों से अपील की है कि वे समय रहते सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करें और अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि बिना NOC या सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर संचालित होने वाले संस्थानों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।












