विधवा की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, न्याय की गुहार
संवाददाता सुमित मिश्रा
प्रतापगढ़। जनपद के महेशगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तिरछा निवासी राजकुमारी, पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद यादव, ने गांव के कुछ लोगों पर उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता का कहना है कि गांव के हरकेश यादव तथा राम अजोंर यादव (पुत्र केदारनाथ यादव) उनकी भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। महिला ने बताया कि उसके परिवार में सहारा देने वाला कोई नहीं है। उसकी केवल एक बेटी है और यही कृषि भूमि उसके जीवन-यापन का मुख्य आधार है।
राजकुमारी के अनुसार, वह पहले भी अपनी शिकायत लेकर एसडीएम के पास जा चुकी हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल सका। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर भूमि पर हो रहे कथित अवैध कब्जे को रोकने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल मामले में दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। प्रशासन की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












