फर्रुखाबाद के CP इंटरनेशनल स्कूल हॉस्टल में छात्रों की पिटाई का आरोप, देर रात परिजनों का हंगामा; पुलिस जांच में जुटी

फर्रुखाबाद के CP इंटरनेशनल स्कूल हॉस्टल में छात्रों की पिटाई का आरोप, देर रात परिजनों का हंगामा; पुलिस जांच में जुटी

मंडल संवाददाता अमित चौहान

बीते दिन दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बीच अब फर्रुखाबाद से भी छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंताजनक मामला सामने आया है। सीपी इंटरनेशनल स्कूल के हॉस्टल में वार्डन पर मासूम बच्चों की पाइप और डंडे से पिटाई करने का आरोप लगा है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और स्कूल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। फर्रुखाबाद के थाना मऊदरवाजा कायमगंज बाईपास रोड पर स्थित भाजपा की वरिष्ठ नेत्री पूर्व पालिका अध्यक्ष मिथलेश अग्रवाल के सीपी इंटरनेशनल स्कूल में हॉस्टल के छात्रों के साथ मारपीट के आरोप के बाद देर रात हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। परिजनों का आरोप है कि हॉस्टल वार्डन ने छात्रों की पाइप और डंडे से बेरहमी से पिटाई की। अभिभावक आनंद कुमार ने बताया कि उनका भतीजा हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है। सूचना मिलने पर वह सबसे पहले स्कूल पहुंचे, जहां वार्डन बच्चों को डरा-धमकाता हुआ मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों को हॉस्टल में रोककर रखा गया था। बाद में घायल छात्रों को बस से निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया। फतेहगढ़ निवासी व्यापारी सुमित कटियार ने बताया कि उनके दो बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं। घटना की जानकारी मिलने पर जब वह स्कूल पहुंचे तो बच्चों ने कई छात्रों के साथ मारपीट किए जाने की बात बताई। वहीं, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छात्र आपस में झगड़ रहे थे। वार्डन बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने भी बच्चों के साथ मारपीट कर दी। प्रबंधन के अनुसार किसी छात्र को गंभीर चोट नहीं आई है और एहतियातन आठ छात्रों को अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। उधर, अस्पताल से लौटे कुछ छात्र लड़खड़ाते हुए दिखाई दिए, जिसके बाद अभिभावकों का आक्रोश और बढ़ गया तथा स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच जारी है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें