प्रतापगढ़ महिला अस्पताल में कथित दलालों का बोलबाला, मरीजों और तीमारदारों में बढ़ रही नाराजगी।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। जिला महिला अस्पताल में कथित दलालों की सक्रियता को लेकर मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
आरोप है कि कुछ लोग अस्पताल परिसर और उसके आसपास दिन-रात मंडराते रहते हैं तथा इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और जांच केंद्रों की ओर भेजने का प्रयास करते हैं।
मरीजों के तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल पहुंचते ही कुछ संदिग्ध लोग उन्हें घेर लेते हैं और सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाकर निजी संस्थानों में बेहतर इलाज और जांच का लालच देते हैं। इससे मरीजों को अनावश्यक आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की छवि भी प्रभावित होती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से ऐसे तत्व सक्रिय हैं, लेकिन इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
वहीं, मरीजों और सामाजिक संगठनों ने अस्पताल प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच कर कथित दलालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर को दलालों से मुक्त कर मरीजों को सुरक्षित और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
यदि समय रहते इस समस्या पर अंकुश नहीं लगाया गया तो मरीजों और तीमारदारों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
ये भी पढ़ें Pratapgarh: SDM के आदेश के बावजूद नहीं रुका अवैध निर्माण, बुजुर्ग ने लगाई न्याय की गुहार












