सड़क सुरक्षा को लेकर ARTO का सघन अभियान, वाहन चालकों को किया जागरूक

सड़क सुरक्षा को लेकर ARTO का सघन अभियान, वाहन चालकों को किया जागरूक

संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (ARTO) सतेंद्र कुमार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान शासन के निर्देशों के अनुपालन में विशेष रूप से शीत ऋतु एवं घने कोहरे को ध्यान में रखते हुए संचालित किया गया।
ARTO सतेंद्र कुमार ने वाहन चालकों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी वाहनों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप अवश्य लगाए जाएं, जिससे कोहरे के दौरान वाहन दूर से ही दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि घने कोहरे में वाहन चलाने से बचना चाहिए और यदि अत्यंत आवश्यक न हो तो यात्रा स्थगित कर देनी चाहिए।
उन्होंने वाहन चालकों को सलाह दी कि कोहरे की स्थिति में सड़क पर वाहन खड़ा करने के बजाय किसी सुरक्षित स्थान या ढाबे पर पार्किंग कर दें, जिससे स्वयं चालक एवं अन्य राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा या खतरे का सामना न करना पड़े।
ARTO द्वारा हाईवे किनारे स्थित ढाबों पर रुकने वाले लोगों को भी जागरूक किया गया। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, ठंड के मौसम को देखते हुए गले में मफलर तथा हाथों में दस्ताने पहनकर ही यात्रा करने की सलाह दी, ताकि ठंड से बचाव के साथ-साथ जीवन की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।
इसके साथ ही हाईवे किनारे स्थित ढाबा संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि उनके ढाबों के सामने सड़क पर वाहन खड़े न होने दिए जाएं। सड़क पर खड़े वाहन दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, इसलिए यातायात को सुचारु बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
ARTO सतेंद्र कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और इसमें प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें