जलेसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: किराने की दुकान चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

जलेसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: किराने की दुकान चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

संवाददाता: धर्मेंद्र चौहान

एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र अंतर्गत नुहखेड़ा गांव में हुई किराने की दुकान में चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। जलेसर थाना पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया किराने का सामान भी बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार को नुहखेड़ा गांव स्थित एक परचून की दुकान में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। दुकान मालिक कुलदीप पुत्र जगदीश ने इस संबंध में थाना जलेसर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्याम नारायण सिंह ने शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद जलेसर थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिरों का जाल बिछाया और खेड़िया सुर्जी मोड़ के पास से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार किया, जिसके बाद उनके पास से चोरी किया गया किराने का सामान भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विपिन पुत्र राकेश (उम्र 25 वर्ष), गणेश पुत्र रमेश (उम्र 22 वर्ष) और सिंटू पुत्र महाराम (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

जलेसर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें