थाना मानिकपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई — अपहरण के केस में वांछित आरोपी गिरफ्तार
प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जनपद में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मानिकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहरण के मुकदमे में वांछित आरोपी लवलेश पासी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 1 मार्च 2025 की सुबह थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की बेटी अचानक घर से गायब हो गई थी। परिजनों ने आसपास खोजबीन की लेकिन जब कोई पता नहीं चला, तो पीड़ित पिता ने थाना मानिकपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव का ही युवक लवलेश पासी पुत्र रामचंद्र पासी निवासी ग्राम निजाममई, जिला कौशांबी उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है।
पीड़ित की तहरीर पर थाना मानिकपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस टीम ने लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त लवलेश पासी को धर दबोचा। गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय तथा क्षेत्राधिकारी कुण्डा अमरनाथ गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना मानिकपुर प्रभारी निरीक्षक और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार किया है। फिलहाल उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया है। वहीं, पुलिस लापता युवती की बरामदगी के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत की भावना है, जबकि अपराधी तत्वों में भारी हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक ने टीम को सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।
ये भी पढ़ें अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार












