प्रतापगढ़ में गैस रिफिलिंग का बड़ा खेल उजागर, पांच गिरफ्तार

प्रतापगढ़ में गैस रिफिलिंग का बड़ा खेल उजागर, पांच गिरफ्तार

एजेंसी से ग्राहक तक पहुंचने से पहले सिलेंडरों से 3-4 किलो गैस चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

 

संवाददाता विनय कुमार मिश्रा

प्रतापगढ़।

प्रतापगढ़। कोतवाली देहात पुलिस ने गैस सिलेंडरों से गैस चोरी करने वाले एक कथित बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिकअप वाहन, छोटे-बड़े दर्जनों गैस सिलेंडर, गैस चोरी करने के उपकरण और सिलेंडरों पर दोबारा सील लगाने वाली मशीन बरामद करने का दावा किया है।

 

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिंटू पटेल, भोलेनाथ, सुशील सरोज, विवेक पटेल और सुशील मिश्रा के रूप में हुई है।

 

आरोप है कि गिरोह गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर उन्हें ग्राहकों तक पहुंचाने से पहले सकरौली गांव स्थित एक बाग में सिलेंडरों से करीब 3 से 4 किलो गैस निकाल लेता था। इसके बाद सिलेंडरों पर दोबारा सील लगाकर उन्हें ग्राहकों के घर पहुंचाया जाता था।

 

पुलिस जांच में कटरा स्थित सौरभ इंडेन समेत कई गैस एजेंसियों से जुड़े कर्मचारियों के नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस अब गैस चोरी के इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

 

यह कार्रवाई कोतवाली देहात थाना प्रभारी पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद गैस एजेंसियों से उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले सिलेंडरों के वजन और सील की विश्वसनीयता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामद सामान के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें