कुंडा हरनामगंज रेलवे स्टेशन पर महिलाओं के लिए बड़ी सौगात, निःशुल्क सेनेटरी पैड मशीनों की शुरुआत
संवाददाता: अमित शुक्ला
कुंडा हरनामगंज रेलवे स्टेशन पर नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय और संवेदनशील पहल की गई है। रेलवे विभाग द्वारा स्टेशन परिसर में महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क सेनेटरी पैड मशीनें स्थापित की गई हैं, जिससे महिला यात्रियों को अब पीरियड्स के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। रेलवे विभाग की ओर से कुल दो सेनेटरी पैड मशीनें लगाई गई हैं। इनमें से एक मशीन टिकट आरक्षण खिड़की के सामने स्थित महिला शौचालय के दरवाजे के पास लगाई गई है, जबकि दूसरी मशीन महिला प्रतीक्षालय के अंदर स्थापित की गई है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें।मशीन का उपयोग करना बेहद आसान है। सेनेटरी पैड प्राप्त करने के लिए मशीन में लगे कीबोर्ड पर केवल * (स्टार) बटन दबाना होता है। इसके तुरंत बाद मशीन के दूसरे हिस्से से निःशुल्क सेनेटरी पैड प्राप्त हो जाता है। गौरतलब है कि यात्रा के दौरान कई बार महिलाओं को अचानक पीरियड्स की समस्या का सामना करना पड़ता है और ऐसे में सेनेटरी पैड उपलब्ध न होने से उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। रेलवे विभाग की यह पहल न सिर्फ महिलाओं की स्वच्छता और स्वास्थ्य का ध्यान रखती है, बल्कि उनके सम्मान और सुविधा को भी प्राथमिकता देती है।
स्थानीय लोगों और महिला यात्रियों ने रेलवे की इस पहल की जमकर सराहना की है और इसे अन्य स्टेशनों पर भी लागू किए जाने की मांग की है।












