दावत में जा रहे बाइक सवारों को ईको कार ने मारी टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर घायल
संवाददाता : पुष्पेंद्र कुमार एटा। जनपद एटा के सकीट थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार ईको कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केसरपुर निवासी 40 वर्षीय इसनोद कुमार पुत्र रामशरण अपने समधी बलबीर पुत्र बेचेलाल निवासी पूठ यादवान के साथ एक दावत में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार ईको कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद इसनोद कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायल का उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सकीट थाना प्रभारी विदेश राठी ने बताया कि बाइक सवार दावत में शामिल होने जा रहे थे, तभी ईको कार की टक्कर से हादसा हो गया। घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
ये भी पढ़ें एटा: हरचंदपुर के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर घायल, पहचान में जुटी पुलिस












