ई-रिक्शा में उतरे करंट ने ली मासूम की जान, चार वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत

ई-रिक्शा में उतरे करंट ने ली मासूम की जान, चार वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत

संवाददाता : पुष्पेंद्र कुमार एटा। जिले के अलीगंज क्षेत्र के मिहुता गांव में एक दर्दनाक हादसे में ई-रिक्शा में करंट उतरने से चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, मिहुता गांव निवासी 40 वर्षीय सतेंद्र पुत्र सोनेलाल अपने ई-रिक्शा को घर पर चार्ज कर रहे थे। इसी दौरान गांव की चार वर्षीय बच्ची क्रांति पुत्री अमित खेलते-खेलते ई-रिक्शा पर जाकर बैठ गई। बताया जा रहा है कि किसी तकनीकी खराबी के कारण ई-रिक्शा में करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से मासूम क्रांति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक सतेंद्र भी करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बच्ची को तत्काल अलीगंज स्थित एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक बच्ची के पिता अमित ने बताया कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। उन्हें यह जानकारी नहीं है कि हादसा किस कारण हुआ। उन्होंने बताया कि संभवतः कोई तार टूटा हुआ था या कोई अन्य तकनीकी खराबी रही होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें दावत में जा रहे बाइक सवारों को ईको कार ने मारी टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर घायल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें