एटा में बाइक चोरी की वारदात, CCTV में कैद हुआ चोर
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा जनपद में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली नगर क्षेत्र का है, जहां कैलाश मंदिर के सामने HB स्थित एक शोरूम के बाहर खड़ी हीरो होंडा एचएफ डीलक्स बाइक को चोर ने मौके से पार कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि यह पूरी चोरी की वारदात शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक मालिक ने अपनी एचएफ डीलक्स बाइक शोरूम के सामने खड़ी की थी। इसी दौरान एक शातिर चोर मौके पर पहुंचा और कुछ ही पलों में बाइक लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में चोर बाइक ले जाते हुए साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने कोतवाली नगर पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
ये भी पढ़ें गाजियाबाद पुलिस द्वारा साइबर फ्रॉड,में ठगी गई 1,70,000/- रुपये की धनराशि वापस करायी….












