सेवा, सुशासन और जनकल्याण पर केंद्रित रहा भाजपा का कार्यक्रम, सांसद राजवीर सिंह ने किया मार्गदर्शन
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।

एटा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद एटा में “समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान” के अंतर्गत जनकल्याण शिविर एवं प्रबुद्ध वर्ग संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की उपलब्धियों, सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं एटा से सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ रहे। उन्होंने अपने संबोधन में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दूर्विजय शाक्य ने कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों को संगठन की नीतियों एवं जनसंपर्क अभियानों के प्रति सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रेमाराम मिश्र ने की तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संदेश दिया। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और जनहितकारी कार्यों के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।












