खेत की नाली तोड़ने के विवाद में खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी-सरिया से हमला करने का आरोप, कई घायल
संवादाता :पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जनपद के थाना कुर्रा क्षेत्र में खेत की नाली तोड़ने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित पक्ष ने गांव के कई लोगों पर कुल्हाड़ी, लाठी और लोहे की सरिया से हमला करने का आरोप लगाते हुए थाना कुर्रा में तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना थाना कुर्रा क्षेत्र के ग्राम फदेपुर की है। पीड़ित रंजीत पुत्र हाकिम सिंह द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 24 जून 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे खेत की पानी की नाली तोड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि गांव के कुछ लोग पहले से खेत में छिपे हुए थे और विरोध करने पर उन्होंने रंजीत व उनके परिजनों पर हमला बोल दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी, लाठी और लोहे की सरिया से हमला किया, जिससे कई लोगों के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। तहरीर में एक महिला के साथ मारपीट कर उसके कान के कुंडल छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है। घटना में घायल सभी लोगों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करहल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि नामजद आरोपितों पर पहले भी जानलेवा हमला करने का मुकदमा थाना कुर्रा में दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।












