जनता के पैसे से चल रहा ‘बंटी-बबली’! बिजली कनेक्शन काटने के नाम पर वसूली का आरोप
ग्राम नौबस्ता में बिजली विभाग के कर्मचारी पर 2000 रुपये मांगने का गंभीर आरोप, आईडी दिखाने से किया इनकार
संवाददाता: किंकर यादव: सिद्धार्थ नगर ग्राम पंचायत नौबस्ता में बिजली विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ बिजली कनेक्शन काटने के नाम पर उपभोक्ता से कथित तौर पर 2000 रुपये की मांग की गई। मजबूरीवश उपभोक्ता ने यह रकम कर्मचारियों को दे दी।
घटना की जानकारी मिलने पर जब मौके पर संवाददाता किंकर यादव पहुँचे तो आरोप है कि कर्मचारियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा—“तुम्हारे जैसे पत्रकार बहुत देखे हैं।” कर्मचारियों में से एक ने अपना नाम गब्बर बताया, लेकिन जब उनसे पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) मांगा गया तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस तरह खुलेआम जनता से अवैध वसूली का खेल चल रहा है, जिससे आम उपभोक्ता भय और दबाव में है। मामला ग्राम नौबस्ता, पावर हाउस तुलसीपुर, जनपद बलरामपुर से जुड़ा बताया जा रहा है।
ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
स्थान: ग्राम नौबस्ता, पावर हाउस तुलसीपुर, जनपद बलरामपुर












