मैनपुरी दौरे पर कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, केन्द्रीय बजट से पहले विपक्ष पर साधा निशाना
संवादाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह शनिवार को मैनपुरी दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आगामी केन्द्रीय बजट को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए देश की वित्त मंत्री को अग्रिम शुभकामनाएं दीं। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा पेश किया जाने वाला यह नौवां बजट होगा और यह बजट भारत के हर वर्ग और हर व्यक्ति को छूने वाला साबित होगा। मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हमेशा आम जनता, किसान, युवा, महिला और गरीबों के हितों को प्राथमिकता दी है। आने वाला बजट भी देश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने के साथ-साथ विकास की नई दिशा देगा। विपक्ष पर हमला बोलते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि जब विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं होता, तो वह मौत जैसे संवेदनशील विषयों पर भी राजनीति करने लगता है। उन्होंने कहा कि जनता अब विपक्ष की राजनीति को समझ चुकी है और ऐसे हथकंडों को स्वीकार नहीं करेगी।
धर्म और राजनीति के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि भाजपा और सनातन एक-दूसरे के पूरक हैं। भाजपा ने हमेशा सनातन संस्कृति, परंपरा और मूल्यों का सम्मान किया है और आगे भी करती रहेगी। पार्टी के भीतर उठने वाली छोटी-मोटी घटनाओं पर उन्होंने कहा कि पार्टी में सब कुछ ठीक है और जो भी छोटे विवाद हैं, वे आपसी संवाद से सुलझा लिए जाएंगे। हवाई दुर्घटना के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि हवाई दुर्घटनाओं की हमेशा उच्च स्तरीय जांच होती है और इस मामले में भी जांच की जा रही है। सरकार किसी भी घटना को गंभीरता से लेते हुए सच्चाई सामने लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मैनपुरी दौरे के दौरान मंत्री जयवीर सिंह के बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज रहीं।












