एटा मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई कैंसर जांच सुविधा, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
संवादाता अमन अहमद।
एटा। अब कैंसर की जांच के लिए मरीजों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी मेडिकल कॉलेज, एटा में कैंसर की जांच सुविधा शुरू हो गई है। यहां स्थापित की गई आधुनिक माइक्रोस्कोप मशीन की मदद से विशेषज्ञ डॉक्टर सैंपल की सूक्ष्म जांच करेंगे, जिससे बीमारी की पहचान शुरुआती अवस्था में ही की जा सकेगी। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सुरेश चंद्रा ने बताया कि नई मशीन से गांठ या कोशिकाओं के सैंपल की गहराई से जांच संभव हो सकेगी। इससे रोग की सही स्थिति का पता लगाकर डॉक्टर सटीक उपचार योजना बना सकेंगे। कैंसर जांच का कार्य कैंसर विशेषज्ञ डॉ. अंकिता शर्मा की देखरेख में किया जाएगा। यह सुविधा शुरू होने से न केवल एटा बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा। अब तक कैंसर की जांच के लिए लोगों को आगरा, अलीगढ़ या लखनऊ जैसे बड़े शहरों में जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी।
स्थानीय लोगों ने मेडिकल कॉलेज में इस सुविधा को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि इससे मरीजों को न केवल महंगे इलाज से राहत मिलेगी, बल्कि प्रारंभिक अवस्था में रोग की पहचान से उनकी जान बचाना भी संभव हो सकेगा।












