लालगंज में तेज गर्मी से सीसी सड़क फटी, जांच शुरू
संवाददाता: सदानंद द्विवेदी प्रतापगढ़। लालगंज क्षेत्र के घुइसरनाथ रोड पर दोपहर अचानक सीसी सड़क फटने की घटना सामने आई। तेज आवाज के साथ सड़क के एक हिस्से में दरार पड़ गई और कई जगह कंक्रीट उखड़ गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में मौके पर स्थानीय लोग एकत्र हो गए।
जानकारों के मुताबिक, भीषण गर्मी के कारण कंक्रीट सड़क में दबाव बढ़ने से इस तरह की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। जब सड़क में पर्याप्त विस्तार जोड़ (एक्सपेंशन जॉइंट) नहीं होते या निर्माण में कमी होती है, तो तेज गर्मी में कंक्रीट फैलकर फट जाता है, जिससे तेज आवाज उत्पन्न होती है।
घटना की सूचना मिलते ही चेयरमैन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने और जल्द मरम्मत कार्य कराने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।
ये भी पढ़ें Pratapgarh: कचनार वीर बाबा मंदिर के सामने सड़क दुर्घटना, होमगार्ड मदन शुक्ला गंभीर घायल












