एटा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित

एटा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित

संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जनसामान्य को जागरूक करने एवं योजना के सफल क्रियान्वयन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने की।

समारोह के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जनपद एटा के निजी आवासों पर ग्रिड कनेक्टेड (ऑन-ग्रिड) रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित कराने वाले शिक्षा विभाग से जुड़े 05 उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। सम्मानित लाभार्थियों में रवि सिंह (श्रीधाम कॉलोनी, कासगंज रोड), शिव कुमार द्विवेदी (सुनहरी नगर), रिचा अग्रवाल (गांधी मार्केट), मोनिका पालीवाल (चित्रगुप्त कॉलोनी, आगरा रोड) एवं रंजना शर्मा (हिंदू नगर) शामिल रहीं।

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अपने निजी आवासों पर 03 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापित कराया है, जिसके उपरांत उनका विद्युत बिल शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि अब टैब के माध्यम से भी किसी प्रकार का बिजली बिल प्राप्त नहीं हो रहा है। लाभार्थियों ने इस योजना को अत्यंत लाभकारी बताते हुए जनपदवासियों, विशेष रूप से शिक्षक-शिक्षिकाओं से योजना से जुड़ने की अपील की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जनपद एटा में अब तक 1325 लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा चुका है। यह जनपदवासियों में योजना के प्रति बढ़ती जागरूकता तथा प्रशासन द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी, जनकल्याणकारी एवं पर्यावरण-हितैषी योजना है, जिस पर शासन का विशेष फोकस है।

जिलाधिकारी ने बताया कि नेडा विभाग एवं पंजीकृत वेंडरों के माध्यम से नागरिक अपने निजी आवासों पर सोलर पावर प्लांट स्थापित कर बिजली बिल में 80 से 100 प्रतिशत तक की कमी ला रहे हैं। साथ ही कई लाभार्थी अतिरिक्त विद्युत उत्पादन को विद्युत विभाग को विक्रय कर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं।

प्रभारी अधिकारी नेडा ने बताया कि प्रशासन द्वारा प्रत्येक सप्ताह सम्मान समारोह आयोजित कर योजना से लाभान्वित उपभोक्ताओं को सम्मानित किया जा रहा है, जिससे अन्य नागरिक भी प्रेरित होकर इस जनकल्याणकारी योजना से जुड़ रहे हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सब्सिडी एवं ऋण सुविधा का लाभ उठाने हेतु नेडा विभाग से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें।

अंत में उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल बिजली बिल में राहत प्रदान कर रही है, बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जनपद एटा के अधिक से अधिक नागरिक इस योजना से जुड़कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनें।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी/परियोजना अधिकारी नेडा पीयूष रावत, उप जिलाधिकारी अनवर राशिद फारूकी, राजकुमार मौर्य सहित अन्य अधिकारीगण, वेंडर प्रतिनिधि एवं लाभार्थी उपभोक्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें मानिकपुर गांव में रसोई की आग बनी आफत, ग्रामीणों की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें