खाद-बीज की कालाबाजारी पर शिवसेना का हल्ला बोल, मुख्यमंत्री ने लिया गंभीर संज्ञान
बेमेतरा में रैली निकालकर सौंपा गया ज्ञापन, कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू बेमेतरा। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही किसान खेती-किसानी के कार्यों में जुट गए हैं। बारिश की दस्तक के साथ बोआई का दौर प्रारंभ हो चुका है, जिससे खाद एवं बीज की मांग में तेजी आई है। ऐसे समय में कई सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध नहीं होने तथा निजी दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर शिवसेना ने प्रदेशव्यापी अभियान शुरू किया है। शिवसेना के दुर्ग संभाग कार्यकारिणी सदस्य मनीष वर्मा ने बताया कि प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के आह्वान पर किसान सेना प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव एवं प्रदेश सचिव कमल सोनी के नेतृत्व में सभी जिलों में जिलाधीशों को ज्ञापन सौंपा जा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से शासकीय सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने, निजी दुकानों में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा दुकानों में संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर सहित शिकायत सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने की मांग की गई है।
इसी क्रम में शुक्रवार को बेमेतरा में सिग्नल चौक से खाद-बीज की कालाबाजारी के विरोध में रैली निकाली गई। रैली अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय पहुंची, जहां जिलाधीश के नाम अनुविभागीय दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों के हित में कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान किसान सेना प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव कमल सोनी, प्रदेश सचिव ईश्वर निषाद, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराम केशरवानी, प्रदेश सचिव दिनेश ताम्रकार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शोभाशंकर त्रिपाठी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आकाश सोनी सहित ओमकार साहू, निक्कू गुप्ता, सोनू साहू, दीपक वर्मा, निहित वर्मा, शैलेन्द्र सोनी, विजय सेन, तिलक साहू, संजय सोनी, श्यामलाल सेन, उत्तरा वर्मा और भुनेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिवसेना द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे आंदोलन एवं ज्ञापन अभियान के बाद मुख्यमंत्री द्वारा खाद-बीज की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलाधीशों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। मनीष वर्मा ने जिले के सभी शिवसैनिकों से अपील करते हुए कहा कि वे निजी खाद-बीज दुकानों पर नजर रखें तथा यदि कोई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर सामग्री बेचता है, तो उसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।
किसानों के हितों की रक्षा एवं कालाबाजारी पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर शिवसेना का यह अभियान प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।उपशीर्षक: बेमेतरा में रैली निकालकर सौंपा गया ज्ञापन, कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग.
ये भी पढ़ें एटा में गैस क्रांति की ओर बड़ा कदम: घर-घर पहुंचेगी पाइप्ड गैस, उद्योगों को मिलेगी सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा।












