हाथरस में सीएमओ ने तीन मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का किया निरीक्षण
एक केंद्र पर डॉक्टर रहे अनुपस्थित, दवाओं और व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
संवाददाता – अश्वनी कुमार हाथरस जिले में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजीव रॉय और डिप्टी सीएमओ डॉ. एम.आई. आलम ने बुधवार को तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, स्टाफ की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और जांच सुविधाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आरती में फार्मासिस्ट योगेश, वार्ड बॉय यशपाल और स्टाफ नर्स अल्पना उपस्थित मिले, जबकि चिकित्साधिकारी डॉ. विनीत कुमार सक्सेना अनुपस्थित पाए गए। बाद में बताया गया कि वे आपातकालीन ड्यूटी पर थे। निरीक्षण समय तक यहां दो मरीजों को दवाएं दी जा चुकी थीं। फार्मासिस्ट ने बताया कि केंद्र पर 160 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं और डेंगू, मलेरिया सहित सभी सामान्य जांचें की जा रही हैं। स्टाफ नर्स के अनुसार यहां प्रतिमाह 7–8 प्रसव कराए जाते हैं। केंद्र पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम खराब मिला, जिसे शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर का निरीक्षण किया। यहां फार्मासिस्ट सुभाष चंद्र, लैब टेक्नीशियन सोमवीर, स्टाफ नर्स रीना कुमार और वार्ड बॉय चंद्रमोहन उपस्थित मिले। निरीक्षण तक पांच मरीजों का उपचार किया जा चुका था। केंद्र पर 195 दवाओं के सापेक्ष केवल 135 दवाएं उपलब्ध पाई गईं, जिस पर सीएमओ ने सभी आवश्यक दवाओं की शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एलटी ने बताया कि केंद्र पर 10 प्रकार की जांचें हो रही हैं, जबकि स्टाफ नर्स ने प्रतिमाह 7–8 डिलीवरी होने की जानकारी दी।
पोस्टमॉर्टम ड्यूटी पर थे चिकित्सक
अंत में जैतई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया। यहां संविदा चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेमपाल, फार्मासिस्ट चंद्रशेखर, सीएचओ रूबी वर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद मिले। तैनात चिकित्सक डॉ. प्रभाष उपाध्याय पोस्टमॉर्टम ड्यूटी पर थे। निरीक्षण के समय तक इस केंद्र पर 25 मरीजों को देखा जा चुका था। फार्मासिस्ट ने बताया कि यहां 135 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं और सभी सामान्य जांचें की जा रही हैं। इस केंद्र पर भी पब्लिक एड्रेस सिस्टम अनुपलब्ध मिला, जिसे जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ डॉ. राजीव रॉय ने सभी केंद्रों पर मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, दवाओं की कमी दूर करने और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें एटा में वैश्य वारहसैनी पंचायत चुनाव को लेकर उत्साह, भारी समर्थन के साथ नामांकन दाखिल












