झगड़े की सूचना पर पहुंची कोबरा मोबाइल को मारी टक्कर, सिपाही गंभीर, नोएडा रेफर
संवादाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी जनपद के मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुर किरकिच में झगड़े की सूचना पर पहुंची कोबरा मोबाइल टीम को एक वाहन चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो सिपाही घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतनपुर किरकिच गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर कोबरा मोबाइल मौके पर पहुंची थी। पुलिस टीम स्थिति संभालने का प्रयास कर रही थी, तभी तेज रफ्तार वाहन ने अचानक सिपाहियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सिपाही सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घायल सिपाहियों को तत्काल उपचार के लिए पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सिपाही जतिन को सैफई पीजीआई रेफर किया गया। डॉक्टरों ने वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए नोएडा के हायर सेंटर भेज दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












