“मेडिकल कॉलेज में मानवता शर्मसार: घायल महिला को जेठानी ने खींचा स्ट्रेचर, स्टाफ बना रहा मूकदर्शक”
जिला संवादाता काव्यांश रावत एटा। जिले के मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। एक घायल महिला को जब स्ट्रेचर पर एक्सरे रूम तक ले जाना था, तो उसके साथ आए परिजनों को ही यह जिम्मेदारी निभानी पड़ी। घायल महिला सीमा की जेठानी खुद स्ट्रेचर खींचती नजर आईं, जबकि मौके पर मौजूद वार्ड बॉय और अन्य स्टाफ मूकदर्शक बने रहे।
घटना की सूचना के बावजूद कोई स्वास्थ्यकर्मी मदद को नहीं आया। बताया गया कि सीमा एक हादसे में घायल हो गई थीं — घर की दीवार गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। जब परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, तो अस्पताल प्रशासन की लापरवाही और संवेदनहीनता सामने आ गई।
सरकार जहां स्वास्थ्य सेवाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं धरातल पर स्थिति बिल्कुल उलट है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर आम जनता कब तक इस तरह की अव्यवस्थाओं की शिकार बनती रहेगी?
स्थानीय लोगों ने इस अमानवीय व्यवहार की निंदा की है और उच्च अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। अगर समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो यह लापरवाह सिस्टम किसी भी गंभीर स्थिति में जानलेवा साबित हो सकता है।
ये भी पढ़ें फतेहपुर: पानी बना ज़हर, गांवों में मौत का सन्नाटा












