जनपद एटा की तीनों तहसीलों में सम्पन्न हुआ ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’, अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा, 23 मार्च। शासन की मंशा के अनुरूप माह के तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाला ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ इस बार ईद पर्व के सार्वजनिक अवकाश के चलते सोमवार को जनपद एटा की तीनों तहसीलों—एटा सदर, अलीगंज एवं जलेसर—में व्यापक स्तर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां अधिकारियों ने गंभीरता से उनकी शिकायतों को सुना और संबंधित विभागों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल इस कार्यक्रम के तहत अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है, जिसकी नियमित समीक्षा शासन स्तर से की जा रही है।
सदर तहसील में सख्त तेवर दिखे अधिकारी
तहसील एटा सदर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/मुख्य विकास अधिकारी सत्यप्रकाश की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी प्रार्थनापत्र निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि लेखपाल, बीट सिपाही और पंचायत सचिव अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें और गांव स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। यदि किसी कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती गई तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग को भी दिए गए स्पष्ट निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का तत्काल संज्ञान लेकर उसका समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिकायतों का आंकड़ा
तहसील एटा सदर में कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसील अलीगंज में उप जिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में भी 12 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील जलेसर में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) लालता प्रसाद शाक्य की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 4 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1 का मौके पर समाधान किया गया।
जलेसर में भी अधिकारियों ने सुनी समस्याएं
तहसील जलेसर में आयोजित समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी भावना विमल सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान एसडीएम श्वेता सिंह, पीयूष रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, नायब तहसीलदार सुशील कुमार, वाजिद हुसैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनता को मिला भरोसा
सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों की सख्ती और सक्रियता से फरियादियों को राहत की उम्मीद जगी है।












