बाहरी कॉलोनी में बढ़ते नशे के जाल पर चिंतित समाज, नशा मुक्ति समिति की बैठक में कड़े कदम उठाने की मांग
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
महादेव कॉलोनी में नशा मुक्ति समाज सुधार समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता समाजसेवी भोपाल राठी ने की। बैठक में समिति के प्रधान राजकुमार राणा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि समिति पिछले कई वर्षों से बाहरी कॉलोनी में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन इसके बावजूद नशा तस्करों का दायरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि अफीम, चरस और गांजा बेचने वाले तस्कर गली-गली घूमकर युवाओं को नशे की लत लगा रहे हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा। राजकुमार राणा ने कहा कि डीजीपी के निर्देशों के बावजूद स्थानीय स्तर पर अधिकारी नशे को रोकने के प्रति उदासीन हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि समिति जल्द ही प्रदेश के डीजीपी से मिलकर पूरी स्थिति से अवगत कराएगी। समिति के संयोजक सतपाल राणा ने भी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बाहरी कॉलोनी में नशे की लत युवा पीढ़ी को तेजी से प्रभावित कर रही है। नशा तस्कर पुड़िया बनाकर घर-घर सप्लाई कर रहे हैं, जिससे समस्या और भी विकराल होती जा रही है। उन्होंने बताया कि समिति लगातार घर-घर जाकर युवाओं को जागरूक कर रही है और कई तस्करों को गिरफ्तार करवाने में भी अहम भूमिका निभाई है। समिति के सदस्यों ने कहा कि बाहरी कॉलोनी में रहने वाले लोगों को सतर्क रहना होगा और युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समाज को एकजुट होना होगा।
बैठक में मनोज गर्ग, रतन नई, दीपक सेन, बदन सिंह यादव, राज बहादुर, अमन, हरीश ओबेरॉय, सुरेंद्र सैनी, रामपाल सैनी, लाल सिंह, मनोज कला सहित कई लोग उपस्थित रहे।












