बुदौना गांव में श्मशान घाट निर्माण को लेकर विवाद, जनसुनवाई में शिकायत पर विरोधाभासी रिपोर्ट
संवाददाता प्रयागराज। कौड़िहार विकासखंड के ग्राम सभा बुदौना में निर्माणाधीन श्मशान घाट को लेकर ग्रामीणों द्वारा जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिस भूमि पर श्मशान घाट का निर्माण किया जा रहा है, वहां बरसात के दौरान पानी भर जाता है, बाढ़ ग्रसित क्षेत्र है जिससे अंतिम संस्कार जैसी आवश्यक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
इस शिकायत पर राजस्व विभाग की ओर से लेखपाल द्वारा लगाई गई रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि बाढ़ के समय उक्त भूमि पानी से डूब जाता है।


वहीं, ग्राम विकास अधिकारी की रिपोर्ट में अलग तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, जिस भूमि पर श्मशान घाट का निर्माण हो रहा है, वह बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र से बाहर दर्शाया जा रहा है।
दोनों विभागीय रिपोर्टों में आए इस विरोधाभास के चलते ग्रामीणों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि ग्राम सभा बुदौना में अन्य कई स्थानों पर सरकारी भूमि उपलब्ध है, जहां श्मशान घाट का निर्माण कराया जा सकता है। ऐसे में जलभराव की आशंका वाले स्थान के चयन पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उपयुक्त स्थान का चयन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
अब प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है।
ये भी पढ़ें रेल टिकट बुकिंग में शॉर्टकट से होगा संकट












