जैथरा में जन आरोग्य मेले में उमड़ी भीड़: 470 मरीजों की हुई जांच, डॉक्टरों ने दी मौसमी बीमारियों से बचाव की सलाह
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। जैथरा विकासखंड में रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में ग्रामीणों की भारी भीड़ देखने को मिली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर कुल 470 मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया। मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए और स्वच्छता, संतुलित आहार एवं समय पर उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया। सुबह स्वास्थ्य केंद्र खुलते ही मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। डॉक्टरों ने खांसी, जुकाम, बुखार, शुगर, गैस, सांस और त्वचा संबंधी बीमारियों के मरीजों की जांच की और उन्हें दवाएं दीं। रूपधनी, पुरसारी, जसरथपुर और मोहकमपुर स्थित पीएचसी पर भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। स्वास्थ्यकर्मियों ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और वृद्धों की विशेष जांच की और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर एमओआईसी डॉ. राहुल चतुर्वेदी, डॉ. सुलेमान, मनोज गुप्ता, आयुष्मान मित्र भूपेंद्र और डॉ. वजाहत इब्राहिम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। उन्होंने जनसामान्य से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बदलते मौसम में सावधानी बरतने की अपील की।












