अवागढ़ में लोगों को राहत: कृषि विज्ञान केंद्र रोड नई सड़कों से चमकी, गड्ढों से मिली मुक्ति
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। कस्बा अवागढ़ बाईपास पर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र रोड अब पूरी तरह नई शक्ल में नजर आ रही है। लंबे समय से जर्जर पड़ी इस सड़क का निर्माण कार्य आखिरकार पूरा हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। यह सड़क कई वर्षों से खराब हालत में थी। जगह-जगह तीन-तीन फीट गहरे गड्ढे बन गए थे, जिनसे होकर गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं था। बरसात के दिनों में हालात और बिगड़ जाते थे — पानी भर जाने से वाहन फिसलने और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता था। इस मार्ग से कस्बे के कई निजी विद्यालयों के वाहन रोजाना गुजरते थे। बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में लगातार चिंता बनी रहती थी। स्थानीय निवासियों ने सड़क की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए जिला पंचायत सदस्य से निर्माण की मांग की थी। जनप्रतिनिधि के हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ और अब यह सड़क नई बनकर तैयार हो गई है।
लोगों का कहना है कि अब यात्रा करना आसान और सुरक्षित हो गया है। नई सड़क से क्षेत्र का आवागमन सुगम हो गया है और आमजन में खुशी का माहौल है।












