प्रतापगढ़।नीम के पेड़ से लटकता मिला 26 वर्षीय युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।पट्टी। प्रतापगढ़ जिले के पट्टी कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर चौमरी गांव में बुधवार सुबह एक 26 वर्षीय युवक का शव नीम के पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनजीत गौतम पुत्र स्वर्गीय मेवालाल गौतम के रूप में हुई है।परिजनों के अनुसार, मनजीत रोज़गार के सिलसिले में बाहर काम करता था और करीब दो महीने पहले घर लौटा था। मंगलवार रात उसने परिवार के साथ भोजन किया और अपने कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह लगभग 6:30 बजे खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने उसका शव नीम के पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद पूरे गांव में घटना की सूचना फैल गई।घटना की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी हेमंत कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।चौकी प्रभारी हेमंत कुमार वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक ने चार दिन पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन बेल्ट टूट जाने के कारण वह प्रयास सफल नहीं हो पाया था। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें मां बमलेश्वरी के चरणों में शिवसेना नेता मनीष वर्मा ने नवाया शीश, जनकल्याण और सुख-समृद्धि की मांगी कामना












