खेत में मिला किसान का शव, सिंचाई करने गया था; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
संवादाता अमन अहमद।

एटा, 7 मार्च 2026। जनपद एटा के थाना निधौलीकलां क्षेत्र के गांव कासिमपुर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किसान का शव उसके ही खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कासिमपुर निवासी किसान सुनहरी लाल शुक्रवार देर शाम अपने खेत पर सिंचाई करने के लिए गए थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी, लेकिन रात में उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में सुनहरी लाल का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना निधौलीकलां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि किसान की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। वहीं इस घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव के लोग भी गमगीन हैं।












