मईराम गांव में सड़क और नाली की बदहाली से ग्रामीण परेशान, विकास कार्य कराने की उठाई मांग
संवाददाता सुमित मिश्रा
कुंडा/प्रतापगढ़। विकासखंड बाबागंज की ग्राम पंचायत डीहबलई के मईराम गांव में सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की मुख्य सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं, जिससे लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन जाती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं तथा मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से सड़क और नाली निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत डीहबलई की प्रधान मुकुंद यादव के कार्यकाल में भी गांव की इस प्रमुख समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उनका कहना है कि यदि सड़क और नाली का निर्माण जल्द नहीं कराया गया तो बरसात के दौरान हालात और भी गंभीर हो जाएंगे।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मईराम गांव का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कराकर सड़क एवं नाली निर्माण सहित आवश्यक विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं, ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें और आवागमन सुगम हो सके।
ये भी पढ़ें एटा में बाल श्रम के खिलाफ संयुक्त अभियान, 7 बच्चे रेस्क्यू












