एटा में बाल श्रम के खिलाफ संयुक्त अभियान, 7 बच्चे रेस्क्यू
संवाददाता: योगेंद्र सिंह एटा। जनपद में बाल श्रम और बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ पुलिस एवं प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान रेलवे रोड और कासगंज रोड क्षेत्र में विभिन्न होटल, ढाबों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई, जहां अलग-अलग स्थानों से 7 बच्चों को बाल श्रम से मुक्त (रेस्क्यू) कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना, श्रम विभाग एवं बाल संरक्षण इकाई की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। जांच के दौरान टीम ने बाल श्रम कराने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और संबंधित संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से श्रम कराना कानूनन अपराध है। भविष्य में ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया। साथ ही रेस्क्यू किए गए बच्चों के पुनर्वास तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी किसी बच्चे से मजदूरी कराई जा रही हो, उसे भीख मंगवाई जा रही हो या वह किसी प्रकार के शोषण का शिकार हो, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग या हेल्पलाइन नंबर 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112, 1090, 181, 108 एवं 1076 पर दें, ताकि समय रहते बच्चों को सुरक्षित कर उनके अधिकारों की रक्षा की जा सके।
ये भी पढ़ें मैनपुरी: बेटी की शादी से पहले पिता ने मांगी पुलिस सुरक्षा, बारात रोकने की धमकी का आरोप












