खाटूश्यामजी से लौटते श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत, एटा में पसरा मातम
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत एटा, राजस्थान के दौसा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में 11 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत के बाद जनपद एटा और फिरोजाबाद में मातम छा गया। मंगलवार देर रात असरोली गांव में जैसे ही 9 शव पहुंचे, गांव में कोहराम मच गया। चारों ओर चीख-पुकार और चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। परिजन रो-रोकर बेसुध हो गए। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले दो मृतकों के शव फिरोजाबाद के खेड़ा गांव पहुंचे, जहां भी शोक की लहर दौड़ गई।

मौके पर एम्बुलेंस के साथ पहुंचे मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, शीतलपुर ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र लोधी और भाजपा नेता राजेश लोधी ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। विधानसभा सत्र छोड़कर पहुंचे विधायक ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
गांव में एसएसपी श्याम नारायण सिंह, एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, एएसपी राजकुमार सिंह, एसडीएम सदर विपिन कुमार मोरिल सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बताया गया कि सभी श्रद्धालु खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे, तभी राजस्थान के दौसा जिले में यह भीषण हादसा हो गया, जिसने पूरे गांव और जिले को शोक में डुबो दिया।
ये भी पढ़ें एटा: नन्हें कान्हा और राधा ने लूट ली सबकी वाहवाही












