खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की राजस्थान के दौला में सड़क हादसे में 11 की दर्दनाक मौत
संवाददाता — योगेंद्र सिंह. एटा जनपद के असरौली गांव के श्रद्धालु, खाटू श्याम के दर्शन कर लौटते समय राजस्थान के दौला क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें 7 मासूम बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं।
हादसे के बाद मृतकों के शव राजस्थान के दौला पोस्टमार्टम हाउस से असरौली गांव लाए गए। शवों को देखकर पूरे गांव में मातम छा गया। हर ओर से रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई देने लगीं। कुछ परिजनों को जैसे ही अपने प्रियजनों का चेहरा दिखा, वे बेसुध होकर गिर पड़े।
बाकी शवों को गवर्नमेंट आईटीआई कॉलेज में रखा गया, जहां देखने के लिए भारी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग उमड़ पड़े। माहौल इतना गमगीन था कि हर किसी की आंखों में आंसू थे। कोई बेटा अपनी मां को पुकार रहा था, तो कोई पिता अपनी बेटी को सीने से लगाकर रो रहा था। किसी की पत्नी की लाश देखकर उसका पति बिलख रहा था।
मौके पर पूरा प्रशासन मौजूद रहा — डीएम, एसडीएम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, और स्थानीय विधायक ने पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी। मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए शवों को शांतिपूर्वक श्मशान घाट भेजा गया।
डीएम ने जानकारी दी कि हादसे में मारे गए परिवारों को सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि पीड़ित परिवारों को राहत मिल सके।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़: रिहायशी बस्ती में अजगर, दो बिल्लियों को बनाया शिकार












