मैनपुरी में डीआईजी का औचक निरीक्षण, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

मैनपुरी में डीआईजी का औचक निरीक्षण, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

मंडल संवाददाता अमित चौहान

लापरवाही पर सख्ती के संकेत, लंबे समय से जमे थानेदारों पर भी गिरेगी गाज

मैनपुरी। जनपद में कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर उस समय हलचल तेज हो गई, जब डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने अचानक जिले का दौरा कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उनके इस निरीक्षण से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और अधिकारियों-कर्मचारियों में सक्रियता बढ़ती नजर आई। डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विभिन्न प्रमुख शाखाओं—अभिलेख, अपराध शाखा, शिकायत प्रकोष्ठ सहित अन्य अनुभागों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों, शिकायतों के निस्तारण, दस्तावेजों के रखरखाव और कार्यालय की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई खामियां भी सामने आईं, जिन पर उन्होंने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत मीडिया से बातचीत में डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने स्पष्ट कहा कि पुलिस व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी ने यह भी संकेत दिए कि लंबे समय से एक ही थाने पर जमे थानाध्यक्षों को भी हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए समय-समय पर स्थानांतरण आवश्यक है, ताकि कार्यप्रणाली में सुधार लाया जा सके और जनता का विश्वास बना रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाए। साथ ही अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ाने के भी निर्देश दिए। डीआईजी के इस सख्त रुख से यह स्पष्ट हो गया है कि आने वाले दिनों में मैनपुरी जनपद में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल और अनुशासनात्मक कार्रवाई देखने को मिल सकती है। उनके निरीक्षण को पुलिस व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें