सम्पूर्ण समाधान दिवस में 48 शिकायतों में 5 शिकायतों का निस्तारण
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान हमीरपुर
राठ,हमीरपुर।जनपद की राठ तहसील परिसर में आज शनिवार को अपर जिलाधिकारी की मौजूदगी में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में राठ तहसील क्षेत्र के तमाम फरियादियों ने विभिन्न मामलों में अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। संपूर्ण समाधान दिवस में दर्ज हुई 48 शिकायतों में पांच शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में दर्ज होने वाली अधिकतर शिकायतों में कब्जा, चक रोड, बिजली विभाग , व नगरपालिका सहित अपराध, पुलिस व राजस्व सम्बन्धी शिकायतें अधिक संख्या में रहीं। वहीं संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाले कुछ फरियादियों ने बताया कि वह पहले भी कई बार संपूर्ण समाधान दिवस में अपनी शिकायतें दर्ज करा चुके हैं। लेकिन अधिकारी गण मौके पर ना जाकर घर बैठे ही आख्या लगा कर शिकायत का निस्तारण दिखा देते हैं। जबकि वास्तविकता में उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाता है। वहीं संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी वित्त और राजस्व विजय शंकर पांडे ने अधीनस्थ सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों के गुणवत्ता परक निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी अभिमन्यु कुमार के अलावा तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी गण मौजूद रहे।












