विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर डॉ० शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में पी०एम० सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न
संवाददाता पवन सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा




गौतमबुद्धनगर 06 मार्च, 2026मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर डॉ० शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पी०एम० सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, उपभोक्ताओं को अधिकाधिक लाभ उपलब्ध कराने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बैंक की पेंडेंसी सूची के अनुसार उपभोक्ताओं के लंबित लोन डिस्बर्समेंट प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अग्रणी बैंक प्रबंधक, यूपीनेडा के पंजीकृत वेंडर्स, नोडल अधिकारी (पी०एम० सूर्यघर), यू०पी०पी०सी०एल०/एन०पी०सी०एल०, आरडब्ल्यूए तथा एओए प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि जनपद में प्राप्त लक्ष्य के सापेक्ष अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन कराकर निजी आवासों पर ग्रिड कनेक्टेड सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कराए जाएं, ताकि अधिकाधिक उपभोक्ताओं को योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को जागरूक कर उन्हें ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कराने में सहयोग प्रदान किया जाए ताकि जनपद में योजना के अंतर्गत अधिकाधिक आवेदन सुनिश्चित कराते हुए सोलर रूफटॉप स्थापना को बढ़ावा दिया जाए, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहन मिलने के साथ साथ उपभोक्ताओं को सस्ती एवं पर्यावरण अनुकूल बिजली उपलब्ध हो सके। प्रभारी परियोजना अधिकारी लवेश कुमार सिसौदिया द्वारा बैठक में उपस्थित आरडब्ल्यूए एवं एओए प्रतिनिधियों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने का आह्वान किया गया। उन्होंने बताया गया कि पी०एम० सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सोलर रूफटॉप स्थापना पर आकर्षक अनुदान प्रदान किया जा रहा है। योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर लगभग 45 हजार रुपये का अनुदान (केंद्र 30 हजार व राज्य 15 हजार) दिया जा रहा है। 2 किलोवाट पर लगभग 90 हजार रुपये का अनुदान उपलब्ध है। 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर लगभग 1 लाख 8 हजार रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत सोलर संयंत्र की अनुमानित लागत लगभग 60 हजार रुपये प्रति किलोवाट है तथा अनुदान के बाद उपभोक्ता को काफी कम राशि वहन करनी पड़ती है। सोलर पैनलों की कार्य क्षमता अवधि लगभग 25 वर्ष होती है और उपभोक्ताओं को बिजली बिल में दो तिहाई तक की बचत होती है। उपभोक्ता द्वारा लगाए गए संयंत्र की लागत की पे बैक अवधि लगभग 03 से 04 वर्ष है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि इच्छुक उपभोक्ता यूपीनेडा में पंजीकृत वेंडर के माध्यम से ही सोलर रूफटॉप प्लांट लगवाएं तथा अनुदान की धनराशि संयंत्र की कमीशनिंग के पश्चात डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थी के खाते में हस्तांतरित की जाती है। आवश्यकता होने पर उपभोक्ता सिर्फ 07 प्रतिशत ब्याज दर पर बैंक ऋण की सुविधा भी प्राप्त कर सकते हैं। योजना में आवेदन के लिए इच्छुक उपभोक्ता राष्ट्रीय पोर्टल https://pmsuryaghar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं एवं अधिक जानकारी के लिए परियोजना अधिकारी यूपीनेडा कार्यालय विकास भवन संपर्क कर सकते है अथवा 8958609182 पर संपर्क कर सोलर रूफटाॅप योजना संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी आशीष कुमार, जिला लीड बैंक प्रबंधक राजेश कटारिया संबंधित विभागों के अधिकारीगण, बैंक प्रतिनिधि, यूपीनेडा के पंजीकृत वेंडर्स तथा आरडब्ल्यूए एवं एओए के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। गौतमबुद्धनगर।












