जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। ट्रैफिक सुधार के लिये बनेगा डिस्ट्रिक्ट इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान-जिलाधिकारी दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा ‘गुड सेमेरिटन’ पुरस्कार-जिलाधिकारी
प्रतापगढ़। जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और नियमों के कड़ाई से अनुपालन को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद करने वाले नागरिकों को “गुड सेमेरिटन” के रूप में पुरस्कृत किए जाने की योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सम्मानित करने से समाज में मदद की भावना को बढ़ावा मिलेगा और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सकेगी।ं ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी ने जनपद में डिस्ट्रिक्ट इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसके तहत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी (ट्रैफिक), लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता तथा नगर पालिका परिषद बेल्हा के अधिशासी अधिकारी की संयुक्त समिति गठित की जाएगी। यह समिति जनपद में सर्वेक्षण और आकलन कर एक माह के भीतर ट्रैफिक सुधार से संबंधित ठोस रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में दुर्घटनाओं में कुछ कमी आई है। जिलाधिकारी ने वाहनों की फिटनेस को लेकर शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ओवरलोडिंग जैसे मामलों में सख्त प्रवर्तन सुनिश्चित किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। बैठक में एआरटीओ दिलीप गुप्ता, ईओ नगर पालिका राकेश कुमार, ट्रांसपोर्ट यूनियन अध्यक्ष विजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।जिला सूचना कार्यालय प्रतापगढ़ द्वारा प्रसारित।
ये भी पढ़ें यूपी में इंफ्रास्ट्रक्चर की महाक्रांति, 29 अप्रैल को पीएम मोदी करेंगे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन












