एटा गल्ला मंडी में धान बिक्री से बिगड़ा यातायात सिस्टम: डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम, किसान घंटों फंसे
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा। नवीन गल्ला मंडी के आसपास शनिवार को धान बिक्री के चलते भारी जाम लग गया। मंडी में धान बेचने पहुंचे सैकड़ों किसानों के ट्रैक्टरों के कारण करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान किसान और राहगीर घंटों तक फंसे रहे। वर्तमान में मंडी में धान की आवक लगातार बढ़ रही है। हजारों किसान अपनी फसल लेकर ट्रैक्टरों से मंडी पहुंच रहे हैं, जिससे मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की सबसे गंभीर स्थिति गल्ला मंडी से लेकर अलीगंज चुंगी और मलावन रोड तक देखने को मिली। यू-टर्न के पास स्थित धर्मकांटे जाम का प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। ट्रैक्टरों की लाइन धर्मकांटे से मंडी गेट तक खिंच जाने के कारण यातायात पूरी तरह से ठप रहा। जिला प्रशासन ने यातायात पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की और रूट डायवर्जन भी किया, लेकिन राहत नहीं मिल सकी। पुलिसकर्मी लगातार जाम खुलवाने में जुटे रहे। धान बेचने आए किसान रूप सिंह ने बताया कि वह दो घंटे से ट्रैक्टर में फंसे हैं। धर्मकांटे के पास ट्रैक्टरों के जमावड़े से वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रहे हैं। किसानों का कहना है कि मंडी के बाहर ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर न होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित क्रम में मंडी में प्रवेश करें ताकि यातायात सुचारु बना रहे।












