एटा नवागत बीएसए अनुपम अवस्थी का स्वागत, शिक्षकों संग किया पौधारोपण।
संवादाता अमन अहमद।
एटा, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, एटा द्वारा नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान संगठन की जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी का परिचय भी कराया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक संघ की ओर से बीएसए को पौधा भेंट किया गया। इसके बाद कार्यालय परिसर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अपने संबोधन में बीएसए अनुपम अवस्थी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण के साथ-साथ वृक्षों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देना होगा। शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार फौजी ने कहा कि शिक्षक समाज शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति भी सदैव जागरूक रहता है। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विभागीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में संगठन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में शिक्षक संघ के कई पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।












